Monday, September 16, 2013

श्री सूर्या समूह की चिटफंड चीटिंग: इन असली बंटी बबली के कारनामों को सुन हैरत में पड़ जायेंगे आप

नागपुर- एक दंपति ने फायनेंस कंपनी की आड़ में सैकड़ों निवेशकों को करोड़ों रुपए से चपत लगा दी। राज्य के इतिहास में ठगी की यह अब तक की सबसे बड़ी घटना बताई जा रही है। अपराध शाखा का आर्थिक विभाग गत दो दिनों से मामले की छानबीन में लगा हुआ है। दंपति के खिलाफ प्रताप नगर थाने में मामला दर्ज किया गया है।

आरोपी दंपति समीर सुधीर जोशी व उनकी पत्नी पल्लवी जोशी, विद्या विहार, टेलीकॉम नगर निवासी हैं। शुक्रवार को प्रताप नगर थाने में उनके खिलाफ लगभग पांच हजार निवेशकों को दो सौ करोड़ रुपए से ठगे जाने का मामला दर्ज किया है।

बताया जा रहा है कि वर्ष 2009 में उन्होंने श्री सूर्या इन्वेस्टमेंट कंपनी की शुरुआत की। 12.5 प्रतिशत ब्याज दर के झांसे में आकर कम समय में ही सैकड़ों निवेशक कंपनी से जुड़ गए।

होटल व्यवसायी अमीत मोरे (सोमलवाड़ा निवासी) ने भी करीब पांच लाख रुपए निवेश किए थे। इस तरह से कई नामी व्यापारियों, सेवानिवृत्त अधिकारियों सहित कई लोगों ने रुपए जमा किए थे। तय कालावधि में जब उन्हें ब्याज व मूल रकम नहीं मिली तो उन्होंने संचालक दंपति से तगादा किया। उनका टालमटोल वाला रवैया देख मामले की पुलिस को सूचना दी गई।

कहा जा रहा है कि लोगों के रुपए से जोशी दंपति ने करोड़ों रुपए की संपत्ति खरीदी है। जिससे कंपनी का दिवाला निकल गया और लोगों के लाखों रुपए इसमें फंस गए।

शेयर ट्रेंड्रिंग के गुमाश्ता पर चल रही थी कंपनी
अपराध शाखा का आर्थिक विभाग गत दो दिनों से कंपनी कार्यालय व संचालकों के निवास स्थान की छानबीन में लगा हुआ है। अभी तक कुछ खास सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा है। हालांकि निवेशकों से संबंधित दस्तावेजों को जब्त किया गया है। परंतु कंपनी के रजिस्ट्रेशन से संबंधित सिर्फ शेयर ट्रेडिंग कंपनी का गुमाश्ता ही हाथ लग पाया है। वह भी किसी और के नाम का बताया जा रहा है।

बैंक खातों की जानकारी
करोड़ों की इस ठगी में संबंधित कंपनी के बैंक खातों में कुछ खास जमा-पूंजी होने से इनकार किया जा रहा है। ठग दंपति ने पहले ही खातों को खाली कर रखा है, जिसके चलते जांच अधिकारियों ने संबंधित बैंकों से कंपनी के खातों की जानकारी मांगी है। दंपती को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। मामला दर्ज करके पूछताछ की जा रही है।
साभार
bhaskar.com   |  Sep 15, 2013, 11:00AM IST
http://www.bhaskar.com/article-hc/MH-PUN-200-crs-money-investment-fraud-4375537-NOR.html

No comments:

Post a Comment